सहारनपुर। दीपावली की रौनक के बीच सोमवार रात नवाबगंज क्षेत्र में एक हृदयविदारक हादसा हो गया। दीपावली की खरीदारी कर घर लौट रहे युवक की स्कूटी अचानक फिसल जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, नगर कोतवाली क्षेत्र के नवाबगंज निवासी विवेक दीपावली पर्व के लिए बाजार से सामान खरीदकर लौट रहे थे। जैसे ही वे नवाबगंज चौक पहुंचे, उनकी स्कूटी अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में विवेक का सिर सड़क से जोर से टकरा गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लेना चाहा, लेकिन परिजनों ने बिना कार्रवाई के शव घर ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया।
बताया जाता है कि मृतक विवेक पांच बहनों में सबसे छोटा भाई था। हादसे के समय उसके साथ स्कूटी पर सवार उसका पड़ोसी साथी भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे चंडीगढ़ में वेंटिलेटर पर भर्ती कराया गया है।
दीपावली के दिन हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है।
.webp)